फिरोजाबाद (Firozabad) के वार्ड नंबर 32 स्थित मोहल्ला हिमायूपुर और वार्ड नंबर 21 स्थित मोहल्ला राठौर नगर में क्षेत्रीय विधायक निधि से बनने वाली गलियों के निर्माण कार्य का गुरुवार (9 जुलाई, 2026) को भूमि पूजन किया गया। इस अवसर पर सदर विधायक मनीष असीजा ने निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
विधायक मनीष असीजा ने कहा कि
“क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग को ध्यान में रखते हुए इन गलियों का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और बरसात के दौरान जलभराव व खराब रास्तों की समस्या से काफी राहत मिलेगी।”
उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे भी जारी रखा जाएगा।

भूमि पूजन कार्यक्रम में पार्षद नरेश शर्मा नीटू, धर्मपाल राठौर, पंकज यादव, अजब सिंह शंखवार, नामित पार्षद ई. दिलीप कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य शुरू होने पर खुशी जताई और उम्मीद व्यक्त की कि इससे दोनों वार्डों में रहने वाले हजारों लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी।
इसी दिन विधायक मनीष असीजा ने फिरोजाबाद मेडिकल कॉलेज में पांच नई अत्याधुनिक डायलिसिस मशीनों का भी लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है। नई डायलिसिस मशीनों के शुरू होने से जिले और आसपास के क्षेत्रों के किडनी रोगियों को समय पर उपचार मिल सकेगा तथा गंभीर मरीजों की दूसरे शहरों पर निर्भरता भी कम होगी।
